शिक्षक व कर्मचारी हित में पुरानी पेंशन बहाल करे सरकार : चेतनारायण

मीरजापुर, 09 अगस्त (हि.स.)। संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय फतहां पर माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को धरना प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि शिक्षक व कर्मचारी हित में सरकार पुरानी पेंशन बहाल करे। मुख्यमंत्री को संबोधित 16 सूत्रीय पत्रक जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित को सौंपा। अध्यक्षता मंडलीय अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने की।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज जो स्थिति वित्तविहीन विद्यालयों की है। वही स्थिति स्वतंत्रता के बाद के अनुदानित विद्यालयों की थी। शिक्षकों के संघर्ष से प्रदेश के शिक्षक अन्य राज्यों से कहीं अधिक लाभ में है। प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र तिवारी ने कहा कि वित्तविहीन विद्यालय के शिक्षकों की स्थिति किसी से छुपी नहीं है।

जिलाध्यक्ष विनय सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन को बहाल किया जाए। उन्होंने तदर्थ शिक्षकों को पुनः सेवा में बहाली, निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, आठवें वेतन आयोग का गठन, वित्तविहीन शिक्षकों के लिए सेवा नियमावली का निर्माण एवं विभिन्न प्रकार के एरियर का भुगतान करने की मांग की। कहा कि अपने अधिकार के लिए लड़ना हमारा मूलभूत अधिकार है। प्रदेश मंत्री वीरेंद्र प्रताप तिवारी, संतोष सिंह, गुलाब राय ने भी सभा को संबोधित किया। संचालन विनय कुमार सिंह ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा / शरद चंद्र बाजपेयी / बृजनंदन यादव

   

सम्बंधित खबर