राष्ट्र निर्माण में सिविल सोसाइटी की महत्त्वपूर्ण भूमिका: राज्यपाल

शिमला, 18 मई (हि.स.)। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रभावी नेतृत्व केवल किसी पद पर आसीन होना नहीं, बल्कि लोगों को साथ लेकर चलना, समाज की आवश्यकताओं को समझना और सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनना है।

राज्यपाल ने रविवार शामा को जम्मू में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3070 द्वारा आयोजित क्लब लीडरशिप लर्निंग सेमिनार को संबोधित करते हुए जम्मू, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली से आए प्रतिनिधियों की भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी उपस्थिति सेवा, नेतृत्व और सामाजिक समर्पण के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

रोटरी इंटरनेशनल के मार्गदर्शक सिद्धांत ‘सर्विस एबव सेल्फ’ की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानव सेवा के लिए समर्पित एक वैश्विक आंदोलन है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, आपदा राहत और सामाजिक विकास के क्षेत्रों में रोटरी के योगदान को अत्यंत प्रेरणादायक बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने में सामाजिक संगठनों और स्वैच्छिक संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रोटरी जैसे संगठन समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करते हैं। जब सरकार और समाज मिलकर कार्य करते हैं, तभी व्यापक और सार्थक परिवर्तन संभव होता है।

युवा पीढ़ी से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार क्षमता का उपयोग करने का आह्वान किया।

रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच अभियान, स्वच्छता अभियान, शैक्षिक सहयोग, पौधरोपण अभियान और आपदा राहत कार्य जैसी रोटरी क्लब की गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि सच्चा नेतृत्व वही है जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का प्रयास करे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में की गई अपील का समर्थन करते हुए राज्यपाल ने नागरिकों से दैनिक जीवन में ईंधन बचत की आदत अपनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने, निजी वाहनों का अनावश्यक उपयोग कम करने, ट्रैफिक सिग्नल पर इंजन बंद रखने तथा कार पूलिंग अपनाने का आग्रह किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर