लोक भवन आवासीय परिसर पहुंचे राज्यपाल, वृक्षारोपण और ऊर्जा संरक्षण के लिए सामूहिक भागीदारी का आह्वान

गुवाहाटी, 19 मई, (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने मंगलवार को लोक भवन के आवासीय परिसर का दौरा किया, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों के सरकारी क्वार्टर स्थित हैं। इस दौरान उन्होंने परिवारों से वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और दैनिक जीवन में ऊर्जा संरक्षण की आदत अपनाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर, राज्यपाल के नेतृत्व में लोक भवन में ईंधन और ऊर्जा संरक्षण, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई पहलें की गई हैं।

राज्यपाल ने परिसर के निवासियों से संवाद करते हुए कहा कि ऊर्जा संरक्षण को सभी के जीवन का स्वाभाविक और जागरूक हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से वृक्षारोपण, जिम्मेदार उपभोग और घरेलू स्तर पर सतत जीवनशैली अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए सामूहिक भागीदारी बेहद आवश्यक है। राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि संयुक्त प्रयासों से असम ऊर्जा संरक्षण, पारिस्थितिक संतुलन और सतत विकास के क्षेत्र में एक आदर्श राज्य बन सकता है।

दौरे के दौरान राज्यपाल ने आवासीय परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया और निवासियों से उनके कल्याण एवं सुविधाओं को लेकर बातचीत की।

राज्यपाल के साथ आयुक्त एवं सचिव एसएस मीनाक्षी सुंदरम तथा लोक निर्माण विभाग (भवन) के अधिकारी भी मौजूद रहे।

------------

   

सम्बंधित खबर