पीयूष गोयल शुक्रवार से दो दिवसीय स्विटजरलैंड दौरे पर, भारत-स्विट्जरलैंड आर्थिक साझेदारी पर करेंगे बातचीत
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
नई दिल्ली, 11 जून (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल शुक्रवार, 12 जून से दो दिवसीय स्विट्जलैंड के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे भारत–स्विट्जलैंड आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने और इंडिया–ईएफटीए व्यापार एवं आर्थिक भागीदारी समझौता (टीईपीए) के क्रियान्वयन पर आगे की चर्चा करेंगे।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि पीयूष गोयल का दो दिवसीय (12-13) जून का यह आधिकारिक दौरा भारत–स्विट्ज़रलैंड आर्थिक साझेदारी को मज़बूत करने और इंडिया–ईएफटीए व्यापार एवं आर्थिक भागीदारी समझौता (टीईपीए) के क्रियान्वयन पर चर्चा की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से है।
मंत्रालय ने कहा कि पीयूष गोयल 12 जून को बर्न, स्विट्ज़रलैंड का दौरा करेंगे, जहां वे स्विस सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधियों और स्विस फार्मास्यूटिकल उद्योग के नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान गोयल को उम्मीद है कि आर्थिक मामलों की राज्य सचिव हेलेन बुडलीगर आर्टिएडा और स्विट्ज़रलैंड के संघीय राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन से मुलाकात करेंगे।
वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक साथ ही वे स्विस फार्मास्यूटिकल उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत करेंगे। गोयल की चर्चा टीईपीए के क्रियान्वयन, समझौते से उत्पन्न परिचालन संबंधी मुद्दों के समाधान और द्विपक्षीय व्यापार, निवेश एवं संस्थागत सहयोग को बढ़ाने पर केंद्रित रहने की संभावना है।
इसके अलावा दौरे के दौरान वाणिज्य मंत्री ज्यूरिख में स्विस कंपनियों और निवेशकों से भी मुलाकात करेंगे, ताकि द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की जा सके और गहरे आर्थिक सहयोग के अवसरों का अन्वेषण किया जा सके।
गोयल के साथ उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी होंगे। वाणिज्य मंत्री का ये दौरा टीईपीए के प्रभावी क्रियान्वयन का समर्थन करने और भारत–स्विट्ज़रलैंड के दीर्घकालीन आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने की उम्मीद जताता है।
उल्लेखनीय है कि भारत और ईएफटीए सदस्य देशों में स्विट्ज़रलैंड, नॉर्वे, लिक्टेनस्टीन और आइसलैंड शामिल है, जिन्होंने मार्च 2024 में व्यापार एवं आर्थिक भागीदारी समझौता (टीईपीए) पर हस्ताक्षर किए थे, जो अक्टूबर 2025 में प्रभावी हो गया है।
---------------

