
कोलकाता, 04 अप्रैल (हि. स.)। सिलीगुड़ी के प्रधाननगर थाना अंतर्गत पवित्रनगर इलाके में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक परित्यक्त ज़मीन की ऊंची दीवार में एक ग्रेनेड पड़ा हुआ मिला। ग्रेनेड की जानकारी मिलते ही पुलिस और सेना हरकत में आ गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को कुछ लोगों ने एक ऊंची दीवार के खांचे में ग्रेनेड जैसा कुछ देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलने के बाद प्रधाननगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायज़ा लेने के बाद सेना को सूचित किया। शुक्रवार दोपहर में सेना की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने गेट का ताला तोड़कर परित्यक्त ज़मीन की तलाशी ली और ग्रेनेड को सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया।
सेना की अधिकारी अर्चना पटेल ने पुष्टि की कि बरामद वस्तु वास्तव में एक ग्रेनेड है। उन्होंने कहा कि हमें जो मिला है वह ग्रेनेड है, लेकिन यह सक्रिय है या निष्क्रिय, इसका पता अभी नहीं चल पाया है। हम इसे जांच के लिए ले जा रहे हैं।
स्थानीय निवासी रबी राय ने बताया कि गुरुवार दोपहर को कुछ लोगों ने ग्रेनेड देखा था, लेकिन यह कहां से आया और कब पड़ा, इसकी किसी को जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि हम सभी बहुत डरे हुए हैं। सेना आज आकर ग्रेनेड को अपने साथ ले गई है।
इस घटना ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। अब यह सवाल उठ रहा है कि रिहायशी इलाके के पास स्थित इस परित्यक्त ज़मीन में आखिर ग्रेनेड कैसे पहुंचा? पुलिस और सेना दोनों ही मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर