धमतरी में नक्शा प्रोजेक्ट के तहत ग्राउंड ट्रूथिंग कार्य शुरू
- Admin Admin
- Nov 28, 2025
धमतरी, 28 नवंबर (हि.स.)। धमतरी में नक्शा प्रोजेक्ट के तहत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयनित नगर निगम धमतरी क्षेत्र में मकान, दुकान और विभिन्न संस्थानों के पारदर्शी व सटीक आनलाइन अभिलेख तैयार करने के लिए ग्राउंड ट्रूथिंग (भौतिक सत्यापन) कार्य की शुरुआत शुक्रवार से हो गई।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की उपस्थिति में शुरू हुई इस प्रक्रिया में उपायुक्त नगर निगम, एमपीएसईडीसी की तकनीकी टीम, जीआईएस एक्सपर्ट, सहायक प्रोग्रामर, भू-अभिलेख विभाग के आयुक्त तथा मास्टर ट्रेनर दीपचंद भारती शामिल रहे। ग्राउंड ट्रूथिंग के दौरान प्रत्येक भवन की वास्तविक स्थिति, भौतिक संरचना, माप-मान, लोकेशन और उपयोग की जानकारी का आधुनिक तकनीक की सहायता से परीक्षण किया जा रहा है। यह अभियान नगर निगम क्षेत्र में संपत्ति से जुड़े अभिलेखों को अधिक पारदर्शी, सटीक और डिजिटल स्वरूप में अपडेट करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को सत्यापन कार्य को पूर्ण गंभीरता और मानक प्रक्रिया के अनुरूप करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार ग्राउंड ट्रूथिंग से प्राप्त डेटा भविष्य में डिजिटल नक्शों, संपत्ति अभिलेखों और शहरी नियोजन से संबंधित कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित बनाने में सहायक होगा। शहरी क्षेत्रों में पहली बार उच्च तकनीक से युक्त रोवर, कंट्रोलर और ईटीएस मशीन से ऑनलाइन सर्वेक्षण कार्य शुरू होने पर नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि अब उनकी भूमि से संबंधित त्रुटिरहित ऑनलाइन अभिलेख उपलब्ध हो सकेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा



