गुरुग्राम: आयकर विभाग की निर्माणाधीन इमारत की 12वीं मंजिल से गिरकर फोरमैन की मौत
- DSS Admin
- Jun 20, 2026
बिहार के कटिहार जिला का रहने वाला था युवक
गुरुग्राम, 20 जून (हि.स.)। सेक्टर-53 स्थित आयकर विभाग की निर्माणाधीन इमारत में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भवन की 12वीं मंजिल पर काम कर रहे एक युवक की नीचे गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 35 वर्षीय अकबर आलम के रूप में हुई है। अकबर आलम बिहार के कटिहार जिले का निवासी था। वह पिछले करीब 15 दिनों से निर्माणाधीन भवन में फोरमैन के पद पर कार्यरत था और निर्माण कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहा था। बताया जा रहा है कि हादसे के समय अकबर आलम 12वीं मंजिल पर काम में व्यस्त था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे आ गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और सहकर्मियों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को नागरिक अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

