गुरुग्राम: पूरे परिवार के वोट एक ही केंद्र पर कराने को भरें आठ नंबर प्रपत्र

दावा एवं आपत्ति अवधि प्रपत्र-8 भरकर आवेदन करें।

सभी पात्र मतदाता अपना गणना प्रपत्र संबंधित बीएलओ को अवश्य दें।

गुरुग्राम, 04 जुलाई (हि.स.)। यदि कोई परिवार चाहता है कि उसके सभी पात्र मतदाताओं के नाम भविष्य में एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हों, तो प्रारंभिक मतदाता सूची-2026 के प्रकाशन के बाद दावे एवं आपत्तियों की अवधि के दौरान ऐसा किया जा सकता है । इसके लिए प्रपत्र-8 भरकर मतदान केंद्र परिवर्तन का अनुरोध करें।

एक ही केंद्र पर परिवार के सभी मतदाता हों, इसके लिए 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक चलने वाली दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान प्रपत्र-8 भरकर आवेदन कर सकते हैं। नए पात्र मतदाता प्रपत्र-6 भरते समय अपने परिवार के पहले से पंजीकृत सदस्य का विवरण सही-सही अंकित करें। साथ ही उसी मतदान केंद्र के बीएलओ के पास प्रपत्र जमा कराएं, जहां परिवार के अन्य सदस्य पहले से पंजीकृत हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने शनिवार को जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम और अन्य विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच अवश्य करें। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूचियों में दर्ज हैं।

डीसी ने बताया कि कई क्षेत्रों में एक ही सेक्टर या कॉलोनी के लिए एक ही भवन में दो अलग-अलग मतदान केंद्र बनाए गए हैं। ऐसे में मतदान क्षेत्र (सेक्शन) अलग होने के कारण कई बार परिवार के सदस्यों के फार्म-6 अलग-अलग बीएलओ को जमा हो जाते हैं, जिसके परिणामस्वरूप एक ही परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पंजीकृत हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे व उन्हें भरवाकर प्राप्त करेंगे और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका डिजिटलीकरण करेंगे।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए मतदाता अपने क्षेत्र के बीएलओ, ईसीआईनेट के बुक ए कॉल सुविधा अथवा टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर