गुरुग्राम: प्रकृति के साधनों का उतना ही उपयोग करें जितना आवश्यक है: दिनेश लुहाच

-स्कूली बच्चों के लिए हुआ डिजिटल वेलनेस कार्यक्रम

-ब्रह्माकुमारीज के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में हुआ आयोजन

-18 से भी अधिक स्कूल्स से लगभग 2300 बच्चों ने की शिरकत

गुरुग्राम, 22 मई (हि.स.)। मोबाइल एवं डिजिटल दुनिया की लत ने आज बच्चों का बचपन छीन लिया है। बुद्धिमान व्यक्ति वो है जो दूसरों के अनुभव से सीखता है। हमें डिजिटल चीजों का उतना ही उपयोग करना चाहिए, जितना आवश्यक है। प्रकृति ने हमें सब साधन दिए हैं। यह बात पटौदी के उपमंडल अधिकारी दिनेश लुहाच ने कही। वे गुरुवार को बोहड़ाकलां स्थित ब्रह्माकुमारीज के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में डिजिटल वेलनेस कार्यक्रम में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि हमें उन्हें आवश्यकता के हिसाब से ही उपयोग करना है। प्रकृति के संसाधनों का दुरुपयोग प्रकृति को नुकसान पहुंचाना है। वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका राजयोगिनी विजय दीदी ने कहा कि आज के बच्चे कल का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्थान की स्थापना में बच्चों का विशेष योगदान रहा। बच्चों का मन बहुत ही रचनात्मक होता है। बच्चों का अनुशासित जीवन ही समाज एवं राष्ट्र को श्रेष्ठ दिशा प्रदान कर सकता है।

कार्यक्रम में विशेष वक्ता के रूप से अंतरराष्ट्रीय मेमोरी ट्रेनर बीके अदिति सिंघल ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी चीज की अधिकता नुकसान करती है। आज हम सुबह से शाम तक किसी न किसी तकनीकी से जुड़े हैं। जिसका असर आम जीवन पर पड़ता है। दुनिया के 70 प्रतिशत लोग मोबाइल का प्रयोग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 60 प्रतिशत लोग सोशल मीडिया से जुड़े हैं। आज व्यक्ति दिनभर इंफॉर्मेशन लेने में ही लगा रहता है। आवश्यकता से अधिक जानकारियां संशय पैदा करती हैं। जिस कारण निर्णय शक्ति कम हो जाती है। आज सोशल मीडिया हमें कई ऐसी चीजें परोस रहा है, जो हमारे समय और ऊर्जा को नष्ट कर रहे हैं। हमें ये समझना जरूरी है कि हम क्यों अपना समय इन चीजों के पीछे लगा रहे हैं। कहीं न कहीं पेरेंट्स भी इसके लिए जिम्मेवार हैं। जो बचपन में ही बच्चों को मोबाइल थमा देते हैं। मस्तिष्क की क्षमता अदभुत है। लेकिन अटेंशन न होने के कारण हम सीख नहीं पाते। सोशल मीडिया ने हमारा ध्यान डिस्ट्रैक्ट कर दिया है।

कार्यक्रम में 18 स्कूलों से 2300 से भी बच्चों ने शिरकत की। कार्यक्रम का संचालन बीके दिव्या ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर