गुरुग्राम: कार्यकर्ताओं के उत्साह में दिख रहा है जीत का जज्बा: धर्मेंद्र प्रधान

-हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रभारी ने गुरुग्राम विधानसभा के बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ किया संवाद

गुरुग्राम, 16 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह में जीत का जज्बा दिख रहा है। पार्टी हर चुनाव कार्यकर्ताओं के दम पर और जनता के आशीर्वाद से जीतती आ रही है। तीसरी बार भी सीएम सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में भाजपा की सरकार बनेगी।

धर्मेंद्र प्रधान शुक्रवार को पार्टी कार्यालय गुरुकमल में गुरुग्राम विधानसभा के मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रमुख, त्रिदेव व मंडल में रहने वाले राष्ट्रीय, प्रदेश व जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ संवाद कर रहे थे। बैठक में चुनाव प्रभारी ने विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति कार्यकर्ताओं के बीच साझा की और नायब सरकार की उपलब्धियों और कामकाज की बदौलत जनता तक पहुंचने का रोडमैप रखा। धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि विधानसभा चुनाव जीतने के लिए बीजेपी के कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और शक्ति के साथ जुट जाएं। उन्होंने कहा कि बूथ जीता चुनाव जीता के मंत्र को आत्मसात करते हुए सभी कार्यकर्ता दिन-रात बूथ को और अधिक मजबूत करने का काम करें। उन्होंने कहा कि हमारे पास मोदी और नायब सरकार की उपलब्धियां हैं, हर वर्ग के लोगों के हितों के लिए किए गए कार्य हैं, जबकि कांग्रेस के पास वंशवादी परम्परा और भ्रष्टाचार है। एक तरफ मोदी और नायब सरकार की विकासात्मक सोच है तो दूसरी तरफ कांग्रेस की भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को आगे बढ़ाने का एजेंडा है। श्री प्रधान ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप सभी लोगों के बीच जाएं तथा कांग्रेस व भाजपा सरकार के कार्यों की तुलना करें। नायब सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए चुनाव प्रभारी ने कहा कि भाजपा सरकार हरियाणा को विकास के पथ पर नॉन स्टॉप आगे ले जा रही है। 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने की गारंटी भाजपा सरकार ही दे सकती है।

भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव ने चुनाव प्रभारी धमेंद्र प्रधान का स्वागत किया। विश्वास दिलाया कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ जनता के बीच जाकर काम कर रहे हैं। बैठक में जिला अध्यक्ष कमल यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अशोक गुर्जर, विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र यादव, विधानसभा संयोजक अजीत यादव, शीतला मंडल अध्यक्ष प्रियव्रत कटारिया, सरस्वती मंडल अध्यक्ष अभिषेक गुलाटी, अर्जुन मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र बजाज, दयानंद मंडल अध्यक्ष अजीत भारद्वाज, मीडिया प्रभारी गजेंद्र गुप्ता, सह मीडिया प्रमुख पवन यादव आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर हरियाणा / SANJEEV SHARMA

   

सम्बंधित खबर