गुरुग्राम: घोड़ा गाड़ी पर चढक़र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने महंगाई के खिलाफ जताया विरोध

-पेट्रोल-डीजल और नीट पेपर लीक पर भाजपा सरकार को घेरा

-ताऊ देवीलाल स्टेडियम से लघु सचिवालय तक किया विरोध प्रदर्शन

गुरुग्राम, 23 मई (हि.स.)। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस व अन्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को यहां कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में घोड़ा गाड़ी पर चढक़र विरोध प्रदर्शन किया गया। लघु सचिवालय में एसडीएम हितेंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपा।

जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से इस विरोध मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की। ताऊ देवीलाल स्टेडियम द्वार से शुरू हुआ यह प्रदर्शन लघु सचिवालय तक पहुंचा। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घोड़ा गाड़ी पर बैठकर यह संदेश दिया कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की जिंदगी को पीछे धकेल दिया है। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस अवसर पर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। एक तरफ जनता महंगाई से परेशान है, वहीं दूसरी तरफ युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों ने आम परिवार की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। दूसरी ओर नीट पेपर लीक जैसे मामलों ने देश के मेहनती युवाओं का विश्वास तोड़ा है। सरकार न महंगाई रोक पा रही है और न ही परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रख पा रही है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सडक़ों पर संघर्ष करती रहेगी और महंगाई व भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण वर्धन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान है। प्रदर्शन में पीसीसी सदस्य पंकज भारद्वाज, अनुसूचित विभाग उपाध्यक्ष अनिल धानक, पीसीसी सदस्य कुलराज कटारिया, अधिवक्ता चौधरी संतोख सिंह, नगर निगम मेयर प्रत्याशी नीरज यादव, राहुल जैलदार, संदीप यादव, भीम सोनी, नरबीर नेहरा, आशीष धनखड़, शिव बोकेन, विशेष यादव आदि सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर