गुरुग्राम में धूमधाम से मनी बकरीद, डीटीपी ने नमाजियों के साथ किया मैदान साफ
- DSS Admin
- May 28, 2026

-ईदगाहों और मस्जिदों में उमड़ी भीड़
गुरुग्राम, 28 मई (हि.स.)। मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में बकरीद का त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाया गया। शहर की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद व अन्य मस्जिदों के साथ-साथ सेक्टर-29 में निर्धारित स्थान पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अता की। डीटीपी आरएस बाठ भी नमाज कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने वहां पर सफाई रखने का संदेश दिया तो लोगों ने मैदान में बिखरी गंदगी को साफ किया। खुद भी उन्होंने मैदान से गंदगी उठाई और स्वच्छता रखने को पेे्ररित किया।ईद के अवसर पर गुरुग्राम के डीटीपी आरएस बाठ भी नमाज स्थल पर पहुंचे। वहां उनके साथ युवाओं ने खूब सेल्फी कराई। आरएस बाठ के नेतृत्व में नमाजियों ने मैदान में पड़ी गंदगी को उठाकर मैदान साफ किया। बाठ ने कहा कि स्वच्छता को अपने जीवन में अपनाना बहुत जरूरी है। सभी इसे अपनी जिम्मेदारी समझें। ईद-उल-अजहा की नमाज के लिए लोग नए वस्त्र पहनकर निर्धारित स्थलों पर सुबह से ही पहुंचने शुरू हो गए थे। नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी और अमन, शांति व खुशहाली की दुआ मांगी। त्योहार को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए। पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने लोगों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। बकरीद पर मुस्लिम समुदाय ने कुर्बानी की परंपरा निभाते हुए जरूरतमंदों की मदद और सहयोग का संदेश दिया। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर खासा उत्साह दिखा। बाजारों में सुबह से ही रौनक बनी रही, जिससे पूरे शहर में पर्व का माहौल जीवंत हो उठा।

