गुरुग्राम: सेक्टर-108 में एक्सपीरियन बिल्डर के खिलाफ रेजीडेंट्स का प्रदर्शन

गुरुग्राम के सेक्टर-108 में एक्सपीरियन बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन करते रेजीडेंट।


-लोग बोले, निवासियों की समस्याओं का समाधान करना बिल्डर की जिम्मेदारी

गुरुग्राम, 06 जून । यहां सेक्टर-108 स्थित एक्सपीरियन परियोजना में स्थानीय निवासियों ने अपनी समस्याओं और बिल्डर की मनमानी के विरोध में शनिवार को शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान निवासियों ने आरोप लगाया कि एक्सपीरियन बिल्डर द्वारा लंबे समय से उनकी मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। लोगों का कहना है कि परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो चुकी है, बार-बार बिजली कटौती की समस्या बनी रहती है, जबकि निवासियों से अत्यधिक मेंटेनेंस शुल्क वसूला जा रहा है।

इस अवसर पर हितेश चौधरी ने कहा कि स्थानीय निवासी वर्षों से अपनी जायज मांगों और समस्याओं के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन बिल्डर द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है। जनता की आवाज़ को दबाने और संवाद से बचने का यह रवैया बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। निवासियों ने बताया कि आज तक वादा किया गया क्लब हाउस तैयार नहीं किया गया है। वहीं सीवरेज सिस्टम पूरी तरह से चरमरा चुका है, जिसके कारण लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब है कि निवासी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जब वे अपनी समस्याओं को लेकर बिल्डर प्रबंधन से बातचीत करने पहुंचे तो प्रबंधन ने संवाद करने के बजाय अपने कार्यालय के दरवाजे बंद कर लिए। राजेश जून ने कहा कि निवासियों की समस्याओं का समाधान करना बिल्डर की जिम्मेदारी है। वर्षों से लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है। प्रमुख रूप से राजेश जून, रविंद्र यादव, जितेंद्र लाकड़ा, हरेंद्र राय, राजेश महाजन, रजत, जितेंद्र छाबड़ा, बलवंत राय, हितेश यादव, मदन, सुनीता, अलका जून सहित अनेक गणमान्य निवासी एवं समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर एक्सपीरियन बिल्डर की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की तथा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

   

सम्बंधित खबर