गुरुग्राम: परिवार को बंधक बनाकर लूट के आरोप में एक बांग्लादेशी सहित चार गिरफ्तार
- Vijesh Sharma
- Jun 15, 2026

गुरुग्राम, 15 जून । सेक्टर-23 में चार जून 2026 की रात परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का गुरुग्राम पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने एक बांग्लादेशी सहित चार आरोपियों को द्वारका रोड स्थित बजघेड़ा अंडरपास से गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार चार जून 2026 की रात करीब चार लोग सेक्टर-23 स्थित एक मकान की पिछली खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुस आए। आरोपियों ने घर में मौजूद महिला और उसकी बेटी को बंधक बनाकर सोने-हीरे के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया। परिवार को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए थे। पीड़ित की शिकायत पर थाना पालम विहार में मामला दर्ज किया गया था।
अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिलाल, मामो खान, मोहम्मद खैरुल अरमान और मोहम्मद मामन के रूप में हुई है। ये सभी बांग्लादेश के रहने वाले हैं और हाल में दिल्ली के संगम विहार वजीराबाद में रह रहे थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी भागने लगे और अंडरपास में कूद गए। इस दौरान खैरुल उर्फ अरमान के दोनों पैरों में चोट आई, जबकि मामन और हिलाल का एक-एक पैर फ्रैक्चर हो गया। मामो खान का एक हाथ जख्मी हुआ। चारों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जांच में पता चला कि चारों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। हिलाल पर दिल्ली में चोरी, शस्त्र अधिनियम और डकैती के 12 मामले दर्ज हैं। मामो खान पर दिल्ली में चोरी का एक मामला है। खैरुल अरमान पर हरियाणा, दिल्ली और यूपी में चोरी, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और हत्या सहित आठ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मामन पर गुरुग्राम और दिल्ली में चोरी, लूट और डकैती के तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले रेकी करते थे और बड़े मकानों को निशाना बनाते थे। ये बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत में आकर आपराधिक वारदातें करते थे और वारदात के बाद वापस बांग्लादेश भागने की फिराक में रहते थे। इस बार भी आरोपियों ने लूट के बाद फरार होने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही दबोच लिया।
चार और आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर लिये
पुलिस ने मामले में फॉलोअप कार्रवाई करते हुए 13 और 14 जून को चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद मोहम्मद खैरुल शेख उर्फ अरमान और मोहम्मद मामुन को 13 जून को दोबारा गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 14 जून को कलीम उर्फ असलम, जावेद उर्फ राजा, मोहम्मद रज्जा उर्फ सानु और मोहम्मद आलमगीर को दबोचा गया। पुलिस के अनुसार जावेद की कार का इस्तेमाल वारदात में किया गया था। मामुन और आलमगीर बाहर रैकी कर रहे थे, जबकि खैरुल, कलीम और रज्जा घर के अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दे रहे थे।
गिरफ्तार छह आरोपियों को 14 जून को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनकी अन्य आपराधिक वारदातों में संलिप्तता की जांच कर रही है।
---------------

