भगवंत मान व अरविंद केजरीवाल ने गुरुग्राम जेल में बंद पूर्व मंत्री अरोड़ा से की मुलाकात
- DSS Admin
- May 23, 2026
-धन शोधन के मामले में ईडी ने मंत्री संजीव अरोड़ा को किया था गिरफ्तार
-अदालत ने भेज रखा है 14 दिन की न्यायिक हिरासत
गुरुग्राम, 23 मई (हि.स.)। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को भौंडसी स्थित गुरुग्राम जिला में बंद पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से मिलने पहुंचे। इस दौरान जेल की तरफ के रास्तों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध रहे। जेल प्रशासन से पूर्व अनुमति मिलने के बाद दोनों वरिष्ठ नेताओं ने मंत्री संजीव अरोड़ा से मुलाकात की।
बता दें कि पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय ने बीती नौ मई को मनी लॉन्ड्रिंग और 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी जीएसटी घोटाले के मामले में गिरफ्तार किया था। ईडी ने चंडीगढ़, दिल्ली और गुरुग्राम में उनके पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित सरकारी आवास पर लंबी पूछताछ के बाद अरोड़ा को आधिकारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया था। गिरफ्तारी के बाद ईडी ने अरोड़ा को पहले सात दिन के रिमांड पर लिया। 10 मई 2026 को गुरुग्राम की विशेष अदालत में हुई सुनवाई के बाद उन्हें सात दिन की ईडी रिमांड पर भेजा गया था। पूछताछ के दौरान दो दिन का अतिरिक्त रिमांड भी मिला। पूछताछ पूरी होने के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जिसके बाद से वह भोंडसी जेल में बंद हैं। जेल सूत्रों के अनुसार दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की संजीव अरोड़ा से मुलाकात पूरी तरह तय प्रक्रिया के तहत हुई और जेल मैनुअल के नियमों का पालन किया गया। मुलाकात के दौरान जेल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहीं।

