किश्तवाड़ घटना के विरोध में गुरुग्राम में पूर्व सैन्य अधिकारियों ने सौंपा ज्ञापन
- Vijesh Sharma
- Jul 03, 2026

तहसीलदार को सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
गुरुग्राम, 03 जुलाई ।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में सेना और पुलिस के बीच हुई घटना को लेकर इंडियन वेटरन्स ऑर्गेनाइजेशन ने शुक्रवार को कड़ा विरोध जताया। संगठन के पदाधिकारियों ने गुरुग्राम के तहसीलदार जगदीश बिश्नोई को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में किश्तवाड़ प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की गई।
संगठन ने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। साथ ही भविष्य में सेना और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा की रीढ़ है। उसके सम्मान और गरिमा की रक्षा करना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले में जल्द उचित कार्रवाई करने की अपील की, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
इस मौके पर वेटरन सैन्य अधिकारी अजीत सिंह, त्रिलोक चंद सैनी, राजेश सैनी, महेंद्र सिंह, राधे श्याम रोहिल्ला, फतेह सिंह सैनी, राजपाल और ओम प्रकाश यादव समेत कई सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सेना के सम्मान और सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
संगठन ने कहा कि सेना के मनोबल पर असर डालने वाली किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत कदम उठाने चाहिए।
---------------

