पुलिस टीम पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच करेंगे एसीपी वेस्ट
गुरुग्राम, 17 जून (हि.स.)। गांव गढ़ी में राशन डीपो से तेल और चीनी चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस टीम पर लगे अभद्र व्यवहार के आरोपों की जांच एसीपी वेस्ट को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने 14 जून 2026 को सेक्टर-93 पुलिस चौकी थाना सेक्टर-10 में शिकायत दी थी। कहा था कि 11-12 जून की रात को गांव गढ़ी स्थित उसके राशन डीपो का ताला तोड़कर अजय, साहिल, राहुल और दक्ष ने 240 बोतल सरसों का तेल और दो कट्टे चीनी चोरी कर ली। शिकायत पर थाना सेक्टर-10 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
सेक्टर-93 पुलिस चौकी की टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 जून को गांव गढ़ी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजय और साहिल, दोनों निवासी गांव गढ़ी, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान सतीश सैनी के भाई पवन सैनी ने खरीदा था। आरोपियों के खुलासे के आधार पर जब पुलिस टीम चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश में संबंधित दुकान पर पहुंची तो दुकानदार मौके से फरार हो गया। इस दौरान उसके भाई सतीश सैनी ने पुलिस टीम पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले में पारदर्शिता बरतते हुए पुलिस टीम पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच एसीपी वेस्ट को सौंप दी गई है। मौके की वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की समीक्षा कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
---------------

