गुरुग्राम: कंपनी से मंगाए साढे तीन करोड़ के मसाले,चेक हुए बाउंस
- DSS Admin
- May 17, 2026
-आरोपी कारोबारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
गुरुग्राम, 17 मई (हि.स.)। एक कारोबारी ने कंपनियों से सामान मंगवाकर 3.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर ली। इस मामले में जांच के बाद आर्थिक अपराध शाखा-2 ने पुष्पांजलि एंटरप्राइजेज के संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बीस से ज्यादा कंपनियों से मसाले, जीरा, बादाम मंगवाकर बेच दिए। उसके द्वारा पेमेंट के लिए दिए गए चेक बाउंस हो गए। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है।
बीस से ज्यादा कंपनियों के प्रतिनिधियों ने पुलिस को शिकायत दी कि पुष्पांजलि एंटरप्राइजेज के संचालक सौरभ गोयल, मनीष, वीरेंद्र गोयल व अन्य ने उनकी कंपनियों से मसाले, जीरा, बादाम व अन्य सामान मंगवाकर आगे बेच दिया। इन्होंने सुनियोजित तरीके से माल मंगवाया और चेक देकर तुरंत भुगतान का आश्वासन दिया था। आरोपियों ने माल आगे बेचकर ऑफिस बंद कर दिए और फोन बंद कर फरार हो गए। जिसके बाद सेक्टर-14 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आर्थिक अपराध शाखा-2 को सौंपी गई। जिसके बाद आरोपी सौरभ गोयल (24) निवासी सेक्टर-5 गुरुग्राम को सेक्टर-5 से गिरफ्तार किया। आरोपी 12वीं पास है और पुष्पांजलि एंटरप्राइजेज का प्रोपराइटर है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने साथियों के साथ मिलकर कंपनियों से करोड़ों का माल मंगवाया। कंपनियों को फर्म के नाम से दिए गए चेक बाउंस हो गये। इस तरह करीब 3.5 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों मनीष, वीरेंद्र गोयल व अन्य की पहचान, ठगी गई राशि और लेन लेन-देन को लेकर जांच कर रही है।

