गुरुग्राम में किराए की टैक्सी का जीपीएस हटाया, वापस भी नहीं दी गाड़ी

गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी को दबोचा

गुरुग्राम, 02 जुलाई (हि.स.)। गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने किराए पर ली गई टैक्सी का जीपीएस हटाकर गाड़ी वापस नहीं लौटाई और न ही किराया दिया। इस मामले में बजघेड़ा थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुधीर कुमार निवासी नरेला दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया है।

जानकारी के अनुसार एक टैक्सी कंपनी के मैनेजर ने थाना बजघेड़ा में शिकायत दी। शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी किराए पर टैक्सी उपलब्ध कराती है। 17 मई 2025 को सुधीर कुमार नामक व्यक्ति ने व्यावसायिक उपयोग के लिए कंपनी से गाड़ी किराए पर ली थी। तय नियमों के मुताबिक उसे हर सप्ताह किराया जमा करना था, लेकिन उसने करीब एक महीने तक कोई भुगतान नहीं किया।

कंपनी के कर्मचारियों ने जब संपर्क किया तो आरोपी ने ना किराया दिया और ना गाड़ी लौटाई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सुधीर सोनीपत में कुलदीप नाम के व्यक्ति के गेस्ट हाउस में नौकरी करता था। उसने कंपनी से प्रतिदिन के किराए पर टैक्सी ली, फिर गाड़ी का जीपीएस निकाल दिया और गाड़ी कुलदीप को चलाने के लिए दे दी। इसके बाद न किराया भरा और न ही गाड़ी वापस की।

थाना बजघेड़ा पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की। एक जुलाई को आरोपी सुधीर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान गाड़ी की बरामदगी और कुलदीप की भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपी से गाड़ी कहां है और धोखाधड़ी में और कौन शामिल है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर