गुरुग्राम का सदर बाजार तय करेगा वार्ड-27 से प्रत्याशी की जीत 

-पूर्व पार्षद सुभाष सिंगला के चुनाव नहीं लडऩे की चर्चाएं

-कांग्रेस ने भी अभी तक नहीं खोले हैं अपने पत्तेे

-भाजपा से नए चेहरे मांग रहे हैं वार्ड-27 से पार्षद की टिकट

गुरुग्राम, 10 फरवरी (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम का वार्ड नंबर-27 शहर का प्रमुख वार्ड है। इस वार्ड के अंतर्गत सदर बाजार व आसपास की कालोनियां आती हैं। इसलिए यहां से किसी भी प्रत्याशी की जीत का रास्ता सदर बाजार से होकर जाता है। माना जाता है कि जिधर बाजार का व्यापारी जाता है, उधर का पलड़ा भारी रहता है।

नगर निगम गुरुग्राम का नया वार्ड नंबर-27 (पुराना वार्ड नंबर-18) काफी अहम है। क्योंकि इस वार्ड में सदर बाजार जैसा महत्वपूर्ण क्षेत्र आता है। आसपास की कालोनियां भी इसी वार्ड में हैं।

इस वार्ड से पिछली बार के चुनाव में दो प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर थी। भाजपा से यहां सुभाष सिंगला मैदान में थे, वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मानव आवाज संस्था के संयोजक अभय जैन एडवोकेट ने मजबूती से चुनाव लड़ा था। बाजार के व्यापारी वर्ग से मंत्रणा करके चुनाव मैदान में आए अभय जैन एडवोकेट ने भाजपा प्रत्याशी सुभाष सिंगला को कड़ी टक्कर दी थी। अभय जैन करीब 300 वोटों के अंतर से दूसरे नंबर पर रहे। चर्चाएं हैं कि इस बार इस वार्ड से सुभाष सिंगला चुनाव मैदान में नहीं हैं। आशीष गुप्ता, चंचल कौशिक, सुमन दहिया, मेयर मधु आजाद के पुत्र पौरुष आजाद, नरेश गुप्ता भाजपा की टिकट के दावेदार हैं। भाजपा की टिकट किसे मिलेगी, यह समय के गर्भ में है। हालांकि मेयर मधु आजाद के पुत्र पौरुष आजाद की प्राथमिकता वार्ड-27 की बजाय वार्ड-28 है। टिकट के लिए आवेदन उन्होंने दोनों वार्ड से किया है।

इसी बीच मानव आवाज संस्था के संयोजक अभय जैन एडवोकेट के भी नगर निगम गुरुग्राम का चुनाव लडऩे की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अगर वे चुनाव मैदान में आते हैं तो वार्ड-27 का चुनाव उनके पक्ष में जाता नजर आएगा। क्योंकि एक बार चुनाव लडक़र व्यापारी वर्ग के सहयोग से अपनी ताकत दिखा चुके अभय जैन एडवोकेट इस बार भी भारी पड़ेंगे। सर्व समाज में उनकी अच्छी-खासी पहचान है। जनहित के मुद्दों को वे लगातार उठाते रहते हैं।

नगर निगम चुनाव लडऩे के सवाल पर मानव आवाज संस्था के संयोजक अभय जैन एडवोकेट ने कहा कि पहले भी उन्होंने बाजार के व्यापारियों से मंत्रणा करके चुनाव लडऩे का निर्णय लिया था। इस बार भी वे चुनाव लडऩे को लेकर सदर बाजार के व्यापारियों से सलाह करेंगे। उनकी सलाह पर ही कदम आगे बढ़ाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर