एमएसपी पर सभी फसलें खरीदने की घोषणा ऐतिहासिक : डाॅ. सतीश पूनिया

एमएसपी पर सभी फसलें खरीदने वाला पहला राज्य बना हरियाणा

चंडीगढ़, 5 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रदेश प्रभारी डाॅ. सतीश पूनिया ने कहा कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार का सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने का निर्णय किसानों के हक में बड़ा फैसला है। सैनी का किसानों के हित में लिया गया यह निर्णय इस बात को साबित करता है कि भाजपा ही अन्नदाताओं की सच्ची हितैषी पार्टी है। नायब सरकार के इस नायब फैसले से हरियाणा के किसान और समृद्ध होंगे, उन्हें नई ताकत मिलेगी और देश की अर्थव्यवस्था में सहायक बनेंगे।

प्रदेश प्रभारी पूनिया सोमवार को पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। डाॅ. पूनिया ने कहा कि हिन्दुस्तान और हरियाणा के किसानों की सुध लेने का सबसे पहला काम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड की सौगात देकर किया था। पूनिया ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस वोटों के लिए तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है, जबकि भाजपा सभी वर्गों का समान रूप से विकास कर रही है। भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा 10 वर्ष से अन्नदाताओं को सही मायने में समृद्ध बनाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री सैनी ने किसानों के लिए जो बड़ी-बड़ी घोषणाएं की हैं, वास्तव में यह एक क्रांतिकारी कदम है। किसानों का 133 करोड़ रुपये माफ करना बहुत ही बड़ा कदम है।

डाॅ. पूनिया ने कहा कि जाति, पाति और मजहब से उपर उठकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास से देश को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का सभी धर्मों के लोग बराबर लाभ उठा रहे हैं। देश के संसाधनों पर किसी एक का नहीं, बल्कि सभी वर्गों का समान अधिकार है। डाॅ. पूनिया ने कहा कि भाजपा की समानता की राजनीति से विपक्ष के लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। उन्होंने कहा कि 10 वर्ष में भाजपा ने देश और प्रदेश में बिना भेदभाव के विकास कराया है, जिससे वोट की राजनीति करने वाली कांग्रेस परेशान है। पूनिया ने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है यहां के लोगों ने मुगलों और अंग्रेजों के साथ संघर्ष किया है। कांग्रेस को हरियाणा ने जगह दी, लेकिन दिल में जगह नहीं दी और समय-समय पर बदलाव करके कांग्रेस को आइना दिखाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम हुड्डा को हरियाणा के किसानों का हित करने के लिए 10 वर्षों का समय मिला, लेकिन हुड्डा ने रोहतक के अलावा कुछ दिखाई नहीं दिया।

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि भाजपा ने ओबीसी वर्ग से सामान्य व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया, ऐसी हिम्मत क्या राहुल गांधी कर कसते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विधानसभा चुनाव में किसी सामान्य व्यक्ति को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने की हिम्मत रखते हैं। पूनिया ने कहा कि भाजपा ने नायब सैनी को मुख्यमंत्री बनाकर यही संदेश दिया है कि भाजपा सभी वर्गों की पार्टी है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का चहुंमुखी विकास हो रहा है। नायब सैनी समान रूप से हर वर्ग का विकास कर रहे हैं। डाॅ. पूनिया ने कहा कि हताश और निराश कांग्रेस की सत्ता के लिए छटपटाहट बढ़ती जा रही है, लेकिन हरियाणा की जनता कांग्रेस को 2014 में ही नकार चुकी है और इस चुनाव में सूपड़ा ही साफ कर देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा / सुनील कुमार सक्सैना

   

सम्बंधित खबर