अटल आरोग्य लैब की रिपोर्ट पर शिकायत के बाद अस्पताल प्रशासन सख्त, कारण बताओ नोटिस जारी

धमतरी, 28 जून (हि.स.)। अटल आरोग्य लैब की जांच रिपोर्ट में कथित विसंगतियों को लेकर जिला चिकित्सालय धमतरी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित संस्था के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन ने रविवार काे एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड द्वारा संचालित अटल आरोग्य लैब के लैब कोऑर्डिनेटर को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा में तथ्यात्मक जवाब मांगा है।

नोटिस में सामने आए तथ्यों और जांच रिपोर्टों में पाई गई विसंगतियों पर स्पष्टीकरण देने के साथ ही संभावित तकनीकी या संचालन संबंधी त्रुटियों के कारण एवं सुधारात्मक उपायों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी, संचालनात्मक अथवा गुणवत्ता संबंधी त्रुटि की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। इसके लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों (एनक्यूएएस) एवं निर्धारित लैब प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी जांच प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मशीनों के नियमित क्वालिटी कंट्रोल, कैलिब्रेशन, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन, उपकरणों के रखरखाव तथा प्रत्येक जांच रिपोर्ट जारी करने से पहले आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है। साथ ही लैब में कार्यरत तकनीकी एवं विशेषज्ञ स्टाफ की जवाबदेही तय करते हुए सभी परीक्षणों की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर आंतरिक ऑडिट एवं गुणवत्ता मूल्यांकन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि मरीजों को विश्वसनीय एवं सटीक जांच रिपोर्ट उपलब्ध हो सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित जांच सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही, गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन अथवा अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं किए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित संस्था एवं जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला चिकित्सालय ने आमजन को आश्वस्त किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और मरीजों के हितों की सुरक्षा के लिए प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा गुणवत्ता मानकों के पालन के लिए नियमित निगरानी और समीक्षा लगातार जारी रहेगी।

   

सम्बंधित खबर