बंद मकानों में चोरी करने वाले गैंग का खुलासा, लाखों की चांदी और नकदी के साथ एक गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
कानपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए सेन पश्चिम पारा पुलिस ने एक शातिर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की गई 632 ग्राम चांदी की ज्वैलरी, जेवर बेचकर हासिल किए गए एक लाख रुपये, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि 19 जून को सेक्टर-7 स्वर्ण जयंती विहार स्थित एक बंद मकान में चोरी हुई थी। मकान मालकिन काम पर गई थीं, जबकि उनकी बेटियां घर में ताला लगाकर रिश्तेदार के यहां चली गई थीं। शाम को लौटने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी। मामले में सेन पश्चिम पारा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास के सौ से भी ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान लाल और काले रंग की स्कूटी पर दो संदिग्ध युवक आते-जाते दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों और सत्यापन के आधार पर उनकी पहचान अंशू पासी और उसके साथी हिमांशू के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने कृष्णा पैलेस के पास से थाना गुजैनी निवासी अंशू पासी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पहले अलग-अलग इलाकों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद अंशू और उसका साथी स्कूटी से पहुंचकर ताला तोड़ते और चोरी कर फरार हो जाते थे। चोरी का सामान गैंग के अन्य सदस्य बाजार में बेच देते थे। उससे मिले रुपये आरोपी मौज-मस्ती, होटलों में ठहरने और गोवा समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर घूमने में खर्च करते थे।
बरामदगी में करीब 632 ग्राम चांदी के विभिन्न आभूषण, एक लाख रुपये नकद, घटना में स्कूटी, एक 315 बोर का देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस ने आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पहले से छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गैंग का सरगना हिमांशू गौतम समेत सागर राजपूत और गोल्डी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

