हिमाचल में फिर चढ़ा पारा, 26-27 मई को कई जिलों में लू का अलर्ट
- DSS Admin
- May 23, 2026
शिमला, 23 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली। इसके चलते तापमान में फिर उछाल दर्ज किया गया। खासतौर पर निचले और मैदानी इलाकों में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सबसे अधिक तापमान ऊना में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सुंदरनगर में 35.9 डिग्री, धर्मशाला में 35 डिग्री, नाहन और बरठीं में 35.7 डिग्री, मंडी में 35.4 डिग्री, कांगड़ा में 36.2 डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 31 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। भुंतर में पारा 31.4 डिग्री और चंबा में 30.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
पर्यटन स्थलों में भी गर्मी का असर दिखा। शिमला में अधिकतम तापमान 27 डिग्री, मनाली में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री, कुफरी में 21.6 डिग्री, कल्पा में 21.2 डिग्री और ताबो में 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालमपुर में 15.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 24 और 25 मई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहेगा और हल्की बारिश होने के आसार हैं। 26 और 27 मई को कई जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर और कुल्लू के निचले क्षेत्रों के लिए जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में कम निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक 28 और 29 मई को पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम करवट ले सकता है। इन दिनों प्रदेश के कई भागों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
---------------

