हिमाचल में बढ़ी गर्मी, शिमला-मनाली की रातें भी हुईं गर्म, 21 मई से बारिश का अलर्ट

शिमला, 18 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मई के दूसरे पखवाड़े में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप खिली है, जिससे मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घण्टों में देहरा गोपीपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि कई शहरों की रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म रिकॉर्ड की गईं। हिल स्टेशनों शिमला, मनाली और कल्पा में भी रातें गर्म हो गई हैं।

मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। कहीं भी बारिश, ओलावृष्टि या बर्फबारी दर्ज नहीं हुई। सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद केलांग में 7.7 डिग्री, ताबो में 9.2 डिग्री, कल्पा में 9.8 डिग्री, सराहन में 11.9 डिग्री, मनाली में 11.6 डिग्री, कुफरी में 11.7 डिग्री और सियोबाग में 14 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

भुंतर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री, चंबा में 16.7 डिग्री, सोलन में 17.2 डिग्री, बरठीं में 17.4 डिग्री, पालमपुर में 18 डिग्री, धर्मशाला में 18.1 डिग्री, शिमला में 18.2 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 18.4 डिग्री और सुंदरनगर में 18.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा मंडी में 19.2 डिग्री, कांगड़ा में 19.7 डिग्री, नाहन में 19.9 डिग्री, ऊना में 20.3 डिग्री, बिलासपुर में 21 डिग्री, पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 24-24 डिग्री तथा नेरी में 24.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

राजधानी शिमला, मनाली और कल्पा जैसे प्रमुख हिल स्टेशनों की रातें भी अब गर्म होने लगी हैं। इन तीनों स्थानों का न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया है। शिमला में तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री, मनाली में 2 डिग्री और कल्पा में 2.7 डिग्री ज्यादा दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार 19 मई को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, हालांकि अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। 20 मई को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद 21 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके असर से 21 से 24 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने 21 और 22 मई के लिए चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली चमकने की चेतावनी भी दी गई है। विभाग का कहना है कि बारिश और बादलों की गतिविधि बढ़ने से तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

---------------

   

सम्बंधित खबर