गणित शिक्षक भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित, 308 उम्मीदवारों का चयन
- DSS Admin
- May 25, 2026
हमीरपुर, 25 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने शिक्षा विभाग में गणित के शिक्षकों के 312 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए पोस्ट कोड-26003 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 3339 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 2792 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी थी और इस परीक्षा में 493 उम्मीदवारों का चयन दस्तावेजों की जांच के लिए किया गया था। 14 से 19 मई तक दस्तावेजों की जांच के बाद 308 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण ओबीसी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) और एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) के 2-2 पद खाली रह गए हैं।
सचिव ने बताया कि यह अंतिम परिणाम सभी उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और अंकों सहित आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
---------------

