तकनीकी विवि : काउंसलिंग के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई

हमीरपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर व संबंधित शिक्षण संस्थानों में नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश के लिए काउंसलिंग फॉर्म भरने की अंतिम तिथि सात जुलाई सायं पांच बजे तक है। तकनीकी विवि के कुलसचिव अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि पात्र अभ्यर्थी सात जुलाई तक काउंसलिंग का ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।

तकनीकी विवि और संबंधित शिक्षण संस्थानों में बीटेक (डायरेक्ट एंट्री), बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री), बीएससी एचएमसीटी/बीएचएमसीटी, बीसीए, बीबीए, एमबीए, एमबीए पर्यटन, एमसीए, एमएससी भौतिक विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, एमए/एमएससी योग और फार्म डी के लिए पात्र अभ्यर्थी सात जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि बी आर्क, बीटेक व बी फार्मेसी (लेटरल एंट्री), एमटेक और एम फार्मेसी के लिए अभ्यर्थी 25 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। अभी तक यूजी और पीजी विषयों की काउंसलिंग के लिए 7000 अभ्यर्थियों के आवेदन आ चुके हैं।

उपरोक्त सभी स्नातक व स्नातकोत्तर विषय में प्रवेश के लिए पात्रता संबंधित जानकारी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर लगी सूचना विवरणिका में देख सकते हैं, जिसमें सभी विषयों में प्रवेश के लिए पात्रता का पूरा ब्यौरा दिया है। जिन अभ्यर्थियों ने तकनीकी विवि की प्रवेश परीक्षा (कॉमन एंट्रेंस टेस्ट) दी है, उन्हें भी काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके अलावा बीटेक में डायरेक्ट एंट्री के लिए जेईई मेन परीक्षा देने वाले को भी काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

बता दें कि बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) की 50 प्रतिशत सीटें एचपीसीईटी और 50 प्रतिशत सीटें जेईई की मेरिट के आधार पर भरी जाती हैं। जल्द की उपरोक्त विषयों की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी किया जाएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर