हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती: पीएसटी एक शिफ्ट में होगा, सुबह 5 से 9 बजे तक

चंडीगढ़, 10 जून (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती के फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (पीएसटी) को एक शिफ्ट में कराने का फैसला लिया है। अभ्यर्थियों के सुझाव के आधार पर सुबह 5 बजे से 9 बजे तक की शिफ्ट तय की गई है।

आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि पीएसटी जल्दी ही शुरू होने जा रहा है, जो एक शिफ्ट में कराया जाना है। इसके लिए अभ्यार्थियों को 2 विकल्प दिए गए थे। जिसमें पहला विकल्प सुबह 5 बजे से 9 बजे तक की शिफ्ट का व दूसरा विकल्प शाम को 5 बजे से रात 10 बजे तक का था। इसके लिए गूगल फार्म के माध्यम से अभ्यार्थियों के सुझाव मांगे गए थे।

उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी सांझा करते हुए लिखा कि पीएसटी को लेकर गूगल फॉर्म के माध्यम से लिए गए। सुझाव में कुल 32,087 अभ्यर्थियों ने अपनी राय दी। जिनमें से 72.6 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने मॉर्निंग शिफ्ट का सुझाव दिया है, जबकि 27.4 प्रतिशत ने शाम की शिफ्ट का सुझाव दिया है। सुझाव के लिए सभी अभ्यार्थियों का आभार जताया। वहीं कहा कि जल्द ही आगे की सूचना आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर सांझा की जाएगी।

इससे पहले एचएसएससी के चेयरमैन हिम्मत सिंह मंगलवार को कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित किए जा रहे फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पंचकूला पहुंचे थे। उन्होंने ताऊ देवीलाल स्टेडियम में बनाए गए ट्रैक और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने पीएसटी के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों और उनके साथ आए परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने उम्मीदवारों से व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया और पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर