एचआरटीसी चालक-परिचालक यूनियन की 25 जून से चक्का जाम की चेतावनी

शिमला, 20 जून (हि.स.)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) चालक-परिचालक यूनियन ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि 24 जून तक कर्मचारियों की लंबित वित्तीय देनदारियों और अन्य मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 25 जून से निगम के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे और चक्का जाम किया जाएगा।

यूनियन पिछले करीब 20 दिनों से प्रदेश के विभिन्न डिपो में गेट मीटिंग और धरना-प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को शिमला के ओल्ड बस स्टैंड में भी चालक-परिचालकों ने प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को दोहराया।

यूनियन का कहना है कि सरकार को उनकी मांगों के समाधान के लिए पर्याप्त समय दिया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है।

यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में निगम कर्मचारियों की वित्तीय और सेवा संबंधी मांगें लंबित पड़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को 75 महीने के नाइट ओवरटाइम का एरियर, जिसकी राशि करीब 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है, अब तक नहीं मिला है। इसके अलावा वर्ष 2016 से लंबित वेतन संशोधन (पे रिवीजन) का एरियर, महंगाई भत्ते (डीए) का बकाया और 4-9-14 पे-स्केल का लाभ भी कर्मचारियों को नहीं दिया गया है।

मान सिंह ठाकुर ने कहा कि निगम में चार भर्तियां लंबित हैं और पिछले आठ महीनों से पदोन्नति प्रक्रिया भी रुकी हुई है। उन्होंने वेतन भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कर्मचारियों को हर महीने तय समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। कभी वेतन पांच तारीख को, कभी 10 और कभी 12 तारीख को जारी किया जाता है। यूनियन की मांग है कि कर्मचारियों के खातों में हर महीने पहली तारीख को वेतन पहुंचे।

यूनियन ने सरकार को 24 जून तक ओवरटाइम, नाइट ड्यूटी भत्ता, वर्दी भत्ता, पदोन्नति और अन्य लंबित मांगों के समाधान के लिए समय दिया है। उनका कहना है कि यदि निर्धारित समय तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 25 जून से एचआरटीसी के चालक और परिचालक अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे, जिससे बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर