25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भाजपा नेता माधवी लता ने जीता स्वर्ण, पूर्व डीजीपी अंजनी कुमार भी बने चैंपियन

हैदराबाद, 01 जुलाई (हि.स.)। तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता और सामाजिक कार्यकर्ता माधवी लता ने हैदराबाद के गाचीबोवली स्थित सैट्स शूटिंग रेंज में आयोजित 25 मीटर पिस्टल (मास्टर्स महिला वर्ग) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 300 में से 245 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, पुरुष वर्ग में तेलंगाना के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अंजनी कुमार ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। माधवी लता ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर इसकी जानकारी दी।

स्वर्ण पदक जीतने के बाद माधवी लता ने आज बताया कि शूटिंग के प्रति उनका लगाव बचपन से ही रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की कैडेट रहने के दौरान गणतंत्र दिवस प्रशिक्षण शिविर में पहली बार राइफल शूटिंग का अनुभव मिला था। उसी दौरान उन्हें इस खेल के प्रति अपनी रुचि और क्षमता का एहसास हुआ।

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में हैदराबाद संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रह चुकीं माधवी लता ने अपने संदेश में कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को समाज के लिए प्रेरणा बनना चाहिए। उन्होंने कहा, एक जनप्रतिनिधि को साहसी और खेलों के प्रति समर्पित होना चाहिए, ताकि वह लोगों के लिए उदाहरण बन सके। मैंने खुद से पूछा कि उम्र किसी की प्रगति में बाधा क्यों बने? यदि मानसिक रूप से दृढ़ हों तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच प्रसन्ना को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण ने बेहतर प्रदर्शन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

माधवी लता ने बताया कि दाहिने कंधे में लिगामेंट टियर (लिगामेंट चोट) होने के बावजूद वह आगामी प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप की तैयारी में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि वह नियमित अभ्यास कर रही हैं और उनका लक्ष्य आगामी प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करना है। उन्होंने कहा, कंधे की चोट के बावजूद मैं लगातार तैयारी कर रही हूं। मैं यह साबित करना चाहती हूं कि दृढ़ संकल्प के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।

स्वर्ण पदक जीतने के बाद सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में माधवी लता ने लिखा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की है जिन्होंने उन पर विश्वास किया, उनका उत्साह बढ़ाया और हर कदम पर उनका साथ दिया। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने सपनों का पीछा करें, खुद पर विश्वास रखें, कड़ी मेहनत करें और हमेशा ऊंचा लक्ष्य निर्धारित करें।

इसी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और हैदराबाद के पूर्व पुलिस आयुक्त अंजनी कुमार ने भी 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। उनकी इस उपलब्धि पर हैदराबाद के पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी।-----------

   

सम्बंधित खबर