भारतीय हाजियों की मदद के नाम पर पाकिस्तानी बजरंगी भाईजान के झूठे प्रचार का हज कमेटी ने किया खंडन

नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। हज कमेटी आफ़ इंडिया के सीईओ और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के निदेशक डॉ. लियाकत अली अफ़ाक़ी ने इन दिनों सोशल मीडिया पर चल रही फर्जी खबर का खंडन किया है, जिसमें हज यात्रा 2024 के दौरान भारतीय हाजियों की जान बचाने के लिए सऊदी अरब में एक पाकिस्तानी नागरिक के प्रयासों की सराहना की गई है। इसके साथ ही इसमें भारत सरकार के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू के जरिए उन्हें प्रमाण पत्र जारी करने का दावा भी किया जा रहा है।

डॉ. अफाकी ने कहा कि इस खबर का पहला झूठ यह है कि हज 2024 में भारतीय हाजियों के साथ ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ। दूसरा भारत सरकार ने अपने हाजियों की मदद के लिए बड़ी संख्या में डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टॉफ, हज कोआर्डिनेटर, असिस्टेंट हज ऑफिसर, हज असिस्टेंट और खादिम-उल-हुज्जाज को सऊदी अरब भेजा था, जिन्होंने भारतीय हाजियों की पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से मदद की थी।

डॉ. अफ़ाक़ी ने कहा कि असामाजिक तत्व सफल हज पॉलिसी को नुकसान पहुंचाने ओर अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय व हज कमेटी ऑफ इंडिया को बदनाम करने के लिए एक तरफ ऐसी फर्जी खबरें और मनगढ़ंत बातें फैला रहे हैं, दूसरी तरफ वे इन खबरों के सहारे लोगों को गुमराह कर के सस्ती प्रसिद्धि पाने की कोशिश कर रहे हैं।

इस खबर के संबंध में डॉ. आफ़ाक़ी ने सभी लोगों को सूचित किया है कि यह खबर पूरी तरह से झूठी और प्रमाणपत्र फर्जी है। यह खबर गुमराह करने और दहशत फैलाने के इरादे से फैलाई गई है। भारत सरकार की ओर से सऊदी अरब में सभी भारतीय हाजियों के लिए उत्कृष्ट व्यवस्था की गई थी। आप सभी से अपील हैं कि झूठ पर आधारित इस खबर पर ध्यान न दें।

हिन्दुस्थान समाचार/ मोहम्मद ओवैस

हिन्दुस्थान समाचार / मोहम्मद शहजाद / प्रभात मिश्रा

   

सम्बंधित खबर