महिला अधिकारियों को ऑपरेशन सिंदूर की जिम्मेदारी सौंपना देश के शीर्ष नेतृत्व का महत्वपूर्ण निर्णय : डॉ. जान्हवी

जौनपुर, 09 मई (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शुक्रवार को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाया गया। मिशन शक्ति 5 के तहत आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में छात्राओं ने भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी और वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह के साहस की सराहना की।

मिशन शक्ति की समन्वयक डॉ. जान्हवी श्रीवास्तव के नेतृत्व में छात्राओं ने दोनों महिला अधिकारियों की तस्वीरें लेकर उनका अभिनंदन किया। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि महिला अधिकारियों को ऑपरेशन सिंदूर की जिम्मेदारी सौंपना देश के शीर्ष नेतृत्व का महत्वपूर्ण निर्णय था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पहल और उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान की सराहना की। उनका कहना था कि इन पहलों का उद्देश्य महिलाओं को हर क्षेत्र में उचित अवसर देना है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों की छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने देश की बेटी होने पर गर्व व्यक्त किया और कहा कि भारत की महिलाएं आतंकवादियों के इरादों को नाकाम करने में सक्षम हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

   

सम्बंधित खबर