पत्नी की हत्या मामले में पति गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

नवादा, 08 जुलाई (हि.स.)। नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के कौआकोल बाजार के कोनी पर मुहल्ला में विवाहिता सोनी कुमारी (21 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को मृतका के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

मामले में मृतका के पिता बरबीघा थाना के कुठौत प्यारेपुर गांव निवासी गौतम कुमार ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

दर्ज प्राथमिकी में गौतम कुमार ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री सोनी कुमारी को विवाह के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था।

आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके पति एवं अन्य पारिवारिक सदस्यों के द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी क्रम में उनकी पुत्री की हत्या कर दी गई और शव को आत्महत्या का रूप दे दिया गया।

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त आशुतोष कुमार उर्फ कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, प्राथमिकी में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर