जयपुर, 29 जून (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भीलवाड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुलिसकर्मी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार यह ट्रैप कार्रवाई एसीबी भीलवाड़ा-द्वितीय इकाई द्वारा की गई। शिकायत के आधार पर सामने आया कि रतलाम (मध्य प्रदेश) के औद्योगिक क्षेत्र थाना में दर्ज एक मामले के अनुसंधान के दौरान प्रधान आरक्षी तपेश गोसाई द्वारा परिवादी से अवैध रूप से रिश्वत की मांग की जा रही थी।
आरोप है कि पुलिसकर्मी ने परिवादी के भाई के साथ मारपीट नहीं करने और प्रकरण में गिरफ्तार व्यक्ति की मदद करने के एवज में कुल 1 लाख 10 हजार रुपये की मांग की थी। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना तैयार की।
योजना के अनुसार आरोपित पहले ही 10 हजार रुपये ले चुका था। इसके बाद शेष राशि में से 50 हजार रुपये लेते समय एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। बरामद राशि आरोपित की वर्दी की पैंट की जेब से मिली।
यह कार्रवाई एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण सिंह टोगस के सुपरविजन तथा भीलवाड़ा-द्वितीय के उप अधीक्षक पुलिस नरपत सिंह चारण के नेतृत्व में की गई।
---------------

