उत्तर बंगाल में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़क और रेल संपर्क बाधित
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
सिलीगुड़ी/दार्जिलिंग,19 जून (हि.सं.)। उत्तर बंगाल में रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुरुवार शाम से शुक्रवार तड़के तक पहाड़ और तराई क्षेत्रों में लगभग 200 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया।
कर्सियांग के दूधिया इलाके में बालासन नदी पर बना वैकल्पिक पुल तेज बहाव में बह गया है। वहीं, भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-110 पूरी तरह बंद हो गया है। इसके चलते सिलीगुड़ी का दार्जिलिंग और मिरिक से सड़क संपर्क टूट गया है। प्रशासन के अनुसार, लगातार बारिश के कारण महानंदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। एनएच-110 के कई हिस्सों में बड़े भूस्खलन हुए है। कर्सियांग से सिलीगुड़ी जाने वाली तीन लेन सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया है और कई जगहों पर पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गए हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित है।हालांकि, मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है, लेकिन स्थिति सामान्य होने में समय लग सकता है।
हालात को देखते हुए दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) ने शुक्रवार के लिए सभी टॉय ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी है। डीएचआर के निदेशक ऋषभ चौधरी ने बताया कि शनिवार से दार्जिलिंग-कर्सियांग के बीच सीमित सेवा बहाल की जा सकती है।राज्य प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। पर्यटन मंत्री और सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने कहा कि पूरी स्थिति की जानकारी मुख्यमंत्री को दे दी गई है और अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की है कि वे जहां है, वहीं सुरक्षित रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। इस बीच, भूटान और सिक्किम के पहाड़ी इलाकों में अभी भी घने बादल छाए हुए है, जिससे आने वाले समय में और भारी बारिश की आशंका जताई जा रही है।

