सोनाझुरी में रंगोत्सव की धूम, बसंत उत्सव में झूमे स्थानीय लोग और पर्यटक
- Admin Admin
- Mar 14, 2025

कोलकाता, 14 मार्च (हि.स.) । रंग खेलने पर प्रतिबंध की अटकलों के चलते सुर्खियों में आए राज्य के बोलपुर स्थित सोनाझुरी में शुक्रवार को स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने जमकर रंग खेला। बसंत उत्सव में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था।
रविवार को वन विभाग ने एक अधिसूचना जारी की थी, जिसमें पर्यावरण, जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोनाझुरी हाट क्षेत्र में रंग खेलने पर रोक लगाने की बात कही गई थी। इस संबंध में पोस्टर और बैनर भी लगाए गए थे। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। हालांकि, प्रशासन ने बाद में स्पष्ट किया कि बोलपुर और शांतिनिकेतन में कहीं भी रंग खेलने पर कोई रोक नहीं है। बोलपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राणा मुखोपाध्याय ने कहा, शांतिनिकेतन-बोलपुर में कोई भी व्यक्ति होली खेल सकता है।
पहले वन विभाग ने दोल उत्सव के दिन सोनाझुरी जंगल में अबीर खेलना, गाड़ियां पार्क करना, ड्रोन उड़ाना और फोटोग्राफी पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया था। लेकिन गुरुवार को वन मंत्री बीरबाहा हांसदा ने कहा कि सोनाझुरी में रंग खेलने पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पर्यावरण की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा, जिसे जहां होली खेलनी हो, वह खेल सकता है।
इसके बाद प्रशासन ने कहा कि सोनाझुरी को लेकर कोई विशेष पाबंदी नहीं है और शांतिनिकेतन-बोलपुर में कहीं भी होली खेली जा सकती है। प्रशासन की ओर से लोगों को यह निर्देश दिया गया कि वे शांतिनिकेतन के माहौल और पवित्रता को बनाए रखते हुए, किसी भी अवैध गतिविधि से बचते हुए त्योहार मनाएं। पुलिस की अतिरिक्त तैनाती भी की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राणा मुखोपाध्याय ने कहा, बोलपुर और शांतिनिकेतन में होली के दौरान सुरक्षा के लिए करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस किसी भी समस्या में लोगों की सहायता के लिए मौजूद रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर