
गुवाहाटी, 04 अप्रैल (हि.स.)। गुवाहाटी के पश्चिम बोरागांव इलाके में आज एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतका के पति प्रदीप बर्मन को पत्नी ज्योत्स्ना बर्मन की हत्या के संदेह में गिरफ्तार कर लिया है।
बोरागांव हत्या के संबंध में डीसीपी ने कहा कि आज पश्चिम बोरागांव एलपी स्कूल के पास एक महिला का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि महिला ज्योत्स्ना बर्मन की हत्या उसके पति प्रदीप बर्मन ने की है। आज सुबह तक प्रदीप अपनी पत्नी के साथ ही था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीती रात पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए गये हैं। पति-पत्नी के बीच अक्सर पारिवारिक झगड़े होते रहने की जानकारी स्थानीय लोगों ने दी है। महिला के चेहरे और पेट पर चोट के निशान पाये गये हैं। उन्होंने बताया है कि प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला सामने आया है। आरोपित प्रदीप बर्मन को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया है कि इस संबंध में सभी तरह के तथ्यों को पुलिस एकत्र कर रही है। इस मामले में अतिशीघ्र ही चार्जशीट दाखिल किया जाएगा। घटना की जानकारी प्रदीप बर्मन की दुकान के बगल वाले दुकानदार ने प्रदीप को देते हुए बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो गयी है। मृतक महिला तीन बच्चों की मां थी। घटना के वक्त महिला की लाश दुकान के अंदर पाई गई। मौके पर गड़चुक पुलिस पहुंची और हत्या की पुष्टि की। पुलिस का कहना है कि पति ने बाहर से दुकान को बंद कर शव अंदर छोड़ दिया था। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश