महिला ने पति पर तीन तलाक, देवर-ननदोई पर लगाया छेड़खानी का आरोप

मुरादाबाद, 25 सितम्बर (हि.स.)। कटघर थाना क्षेत्र की एक महिला ने बुधवार को थाना पुलिस को दी तहरीर में अपने देवर और ननदोई पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। वहीं पति पर तीन तलाक देकर घर से निकालने की बात कही है। पुलिस ने मामले में आरोपित पति, सास, ननद, ननदोई, देवर समेत छह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पीड़ित महिला ने बताया कि शादी को पांच साल बीतने के बावजूद उसके ससुरालवालें अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान करते हैं। पति ने प्लॉट खरीदने और कारोबार शुरू करने के लिए मायके से पांच लाख रुपये लाने के लिए दबाव बनाया। जब उसने इसकी असमर्थता जतायी तो पति ने उसे नशे की गोलियां खिलाकर तरह-तरह की यातनाएं दीं। इसके अलावा देवर और ननदोई उस पर गलत नजर रखते हैं। उससे छेड़खानी की। इसकी शिकायत करने पर पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। बीती पांच जनवरी को सास ने उसे मारपीट कर घर से भगा दिया। वह अपनी दोनों बेटियों को लेकर मायके में रह रही थी। उसने थाना पुलिस को आरोपितों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित बीती चार सितम्बर की सुबह खाना बना रही थी। इसी दौरान पति, सास, ननद, ननदोई और देवर घर आये और तहरीर वापस लेने का दबाव बनाने लगे। उसने शिकायत वापस लेने से इनकार कर दिया तो सभी ने उसके साथ मारपीट की। अभद्र भाषा का उपयोग किया। पीड़ित की मांग है कि इस मामले में उसकी सुनवाई कर जल्द से जल्द न्याय दिलाए। साथ ही उसकी और उसके परिवार की सुरक्षा की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जयसवाल

   

सम्बंधित खबर