किसानों को मक्के की फसल से लाभान्वित कर रहा आईआईएमआर
- Admin Admin
- Mar 07, 2025

मीरजापुर, 7 मार्च (हि.स.)। किसानों को मक्का की खेती से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने और इथेनॉल उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए भारतीय मक्का अनुसंधान संस्थान (आईआईएमआर) ने 'इथेनॉल उद्योगों के जलग्रहण क्षेत्र में मक्का उत्पादन में वृद्धि' नाम से एक परियोजना शुरू की है। इसके तहत किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले मक्का के बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनकी फसल की उत्पादकता बढ़े और वे अधिक लाभ कमा सकें।
इस पहल के अंतर्गत शुक्रवार को नरायनपुर ब्लाक में जागरूकता अभियान और कीटनाशक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीएचयू से डॉ. प्रतिक सिनोदिया ने किसानों को मक्के की खेती को तीनों सीजन (खरीफ, रबी, जायद) में करने के तरीकों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने खेती के दौरान आने वाली समस्याओं का समाधान कैसे किया जाए, कौन-कौन से उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपयोग किए जाएं और पूरे साल भर मक्के की खेती को बढ़ावा देने के लिए क्या उपाय किए, के बारे में जानकारियां दी।
आईआईएमआर से डॉ. रामनिवास बगड़िया ने बताया कि यह परियोजना आईआईएमआर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शंकर लाल जाट और निदेशक डॉ. हनुमान सहाय जाट के निर्देशन में देश के 15 राज्यों में चलाई जा रही हैं। इस परियोजना में कोर्टेवा, बॉयर, बायोसीड जैसी प्रमुख बीज कंपनियां भी सहयोग कर रही हैं। डॉ. बगड़िया ने बताया कि मक्का की बढ़ती मांग के कारण किसानों को उचित मूल्य मिल रहा है। इथेनॉल उत्पादन और पोल्ट्री फीड इंडस्ट्री में मक्के की अधिक खपत हो रही है, जिससे किसान अब इसे बड़े पैमाने पर उगाने के लिए तैयार हैं। इस दाैरान आईआईएमआर के ओमप्रकाश भी उपस्थित रहे।
सक्रिय किसान हरिशंकर सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सबसे बड़ा वैज्ञानिक किसान होता है। वह अपने खेतों में नए-नए प्रयोग करता रहता है, जिससे उसे अलग अनुभव प्राप्त होता है। इसके अलावा उपस्थित अन्य किसानों ने भी अपने अनुभव और खेती में आ रही समस्याओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम से प्रेरित होकर कई किसानों ने आगामी रबी सीजन में गेहूं के स्थान पर मक्का की खेती करने का निर्णय लिया है। इससे न केवल उनकी आय में वृद्धि होगी बल्कि इथेनॉल उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता में योगदान होगा। अभियान के अंतर्गत चंदापुर गांव में 20 किसानों को मक्के का कीटनाशक वितरित किया गया।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा