आईआईटी कानपुर इंटर कल्चरल मीट 8.0 का ओवरऑल चैम्पियन बना
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
कानपुर, 03 जून (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के स्टूडेंट्स जिमखाना की मीडिया एंड कल्चरल काउंसिल टीम ने इंटर आईआईटी कल्चरल मीट 8.0 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैम्पियनशिप अपने नाम कर ली। टीम ने कुल अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल जीता। इस उपलब्धि के साथ आईआईटी कानपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में आईआईटी कानपुर ने स्पीकिंग आर्ट्स, थिएटर आर्ट्स, डिजिटल आर्ट्स, फोटोग्राफी, फैशन और कुलिनरी आर्ट्स कप में गोल्ड मेडल हासिल किए। वहीं डांस आर्ट्स कप और म्यूजिकल आर्ट्स कप में सिल्वर तथा कॉमिक आर्ट्स और फाइन आर्ट्स कप में ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किए।
संस्थान के प्रतिभागियों ने हिंदी स्टोरी राइटिंग, हिंदी स्लैम पोएट्री, एशियन पार्लियामेंटरी डिबेट (डिस्टिंग्विश्ड एडजुडिकेटर्स), ग्रुप डांस, माइम, पेयर ऑन स्टेज, स्ट्रीट फोटोग्राफी, फोटोस्टोरी, थीम्ड फोटोग्राफी, फैशन शो, ऑनलाइन मॉडलिंग, कुक ऑफ, टैग टीम और मिक्सोलॉजी जैसे इवेंट्स में गोल्ड मेडल जीते।
इसके अलावा डिजाइन मैराथन, ग्राफिक डिजाइन प्रतियोगिता, कॉस्ट्यूम डिजाइन, बैंड प्रतियोगिता, स्ट्रीट प्ले, स्टेज प्ले और हिंदी स्लैम पोएट्री में सिल्वर मेडल हासिल किए गए। वहीं स्पोर्ट्स क्विज, एशियन पार्लियामेंटरी डिबेट (डिबेटिंग टीम), जस्ट डुएट, 51 घंटे की शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता, कैनवास पेंटिंग, 3डी एनीमेशन प्रतियोगिता और ऑनलाइन मॉडलिंग प्रतियोगिता सहित कई इवेंट्स में ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त हुए।
आईआईटी कानपुर प्रशासन ने इस उपलब्धि के लिए मीडिया एंड कल्चरल काउंसिल से जुड़े छात्रों, समन्वयकों, सचिवों, मेंटर्स, पूर्व छात्रों और फैकल्टी सदस्यों को बधाई दी। संस्थान ने टीम लीडर्स, इवेंट कोऑर्डिनेटर्स और प्रतिभागियों के समर्पण व मेहनत की विशेष सराहना करते हुए इसे संस्थान के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
आईआईटी कानपुर की मीडिया प्रभारी सलोनी नागरकुट्टी ने बुधवार को कहा कि इंटर आईआईटी कल्चरल मीट 8.0 में ओवरऑल चैंपियनशिप हासिल करना संस्थान के छात्रों की प्रतिभा, रचनात्मकता और टीम भावना का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आईआईटी कानपुर की मजबूत सांस्कृतिक परम्परा को दर्शाती है और भविष्य में भी छात्र विभिन्न राष्ट्रीय मंचों पर संस्थान का नाम रोशन करते रहेंगे।

