चार वर्ष में नोएडा पुलिस ने गायब हुए 7 हजार 809 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
नोएडा, 19 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने बीते चार वर्षों में विभिन्न जगहों से गायब हुए 7 हजार 809 मोबाइल फोनों को बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस किया है। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 23 करोड़ 55 लाख 80 हजार 450 रुपये है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने में लगातार सफलता मिल रही है। जनपद में आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल के माध्यम से एक दिसंबर 2022 से 31 मई 2026 तक कुल 7809 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस मिशन सहयोग के तहत बरामद मोबाइल को पीडि़तों को लौटा रही है।
गौतम बुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि कमिश्नरेट पुलिस विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी और गुमशुदगी की शिकायतें मिलने के बाद तकनीकी टीमें सीईआईआर पोर्टल और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी तंत्र की मदद से मोबाइल फोन का पता लगा रही हैं। इनमें विभिन्न कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता के चलते हजारों लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिल रहे हैं। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बरामद मोबाइल फोनों को समय-समय पर ‘मिशन सहयोग’ अभियान के तहत उनके असली स्वामियों को सौंपा जाता है। इस पहल से लोगों को अपनी कीमती संपत्ति वापस मिलने के साथ-साथ पुलिस के प्रति उनका विश्वास भी बढ़ा है। कमिश्नरेट पुलिस भविष्य में भी इसी तरह तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर लोगों की संपत्ति की सुरक्षा और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करती रहेगी।
उन्होंने बताया कि करीब साढ़े तीन साल की अवधि में 7,809 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इनकी अनुमानित कीमत करीब 23.55 करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होंने बताया कि सीईआईआर पोर्टल, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी ट्रैकिंग से फोन ढूंढे जा रहे है। उन्होंने बताया कि‘मिशन सहयोग’ के तहत मोबाइल फोन उनके स्वामियों को लौटाए गए है। उन्होंने कहा कि नोएडा पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके और पुलिस -जनता के बीच आपसी विश्वास और अधिक मजबूत हो।
---------------

