आसनसोल में आयकर विभाग का ‘प्रारंभ 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया गया
- DSS Admin
- May 19, 2026
आसनसोल, 19 मई (हि. स.)। आसनसोल में आयकर विभाग की ओर से ‘प्रारंभ 2026’ नामक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को किया गया। यह कार्यक्रम कन्यापुर स्थित आयकर भवन के मल्टीपर्पज हॉल में दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी, कर सलाहकार और विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवर शामिल हुए।
प्रधान आयुक्त आयकर कुमार अजीत के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नए आयकर अधिनियम 2025 और आयकर नियम 2026 के बारे में विस्तृत जानकारी देना था। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को नए प्रावधानों, उनके प्रभाव और अनुपालन से जुड़े जरूरी पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त आयकर प्रदीप दुंगदुंग, आयकर अधिकारी मनीष कुमार शाह, इमरान खान तथा गौतम कुमार भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने सत्र में करदाताओं की शंकाओं का समाधान किया और नए नियमों को समझाया।
कार्यक्रम के दौरान आयकर विभाग की ओर से बताया गया कि बदलते हुए कर ढांचे में समय पर जानकारी और सही अनुपालन बेहद आवश्यक है। ऐसे में ‘प्रारंभ 2026’ जैसे कार्यक्रम करदाताओं के लिए उपयोगी मंच साबित हो रहे हैं, जहां वे सीधे अधिकारियों से संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
आयकर विभाग ने भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही, ताकि अधिक से अधिक लोग नए कर नियमों के प्रति जागरूक हो सकें।
---------------

