ओस्लो, 18 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सोमवार को नॉर्वे के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया गया। यह प्रधानमंत्री मोदी को मिला 32वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
‘ग्रैंड क्रॉस’ रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट की सर्वोच्च श्रेणी है। यह सम्मान नॉर्वे के हितों और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को आगे बढ़ाने में असाधारण योगदान के लिए दिया जाता है।
नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम ने प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान भारत-नॉर्वे संबंधों को मजबूत बनाने और वैश्विक नेतृत्व में योगदान के लिए प्रदान किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि वह इस सम्मान को पाकर गौरवान्वित हैं। यह सम्मान भारत की जनता को समर्पित है और भारत तथा नॉर्वे के बीच स्थायी मित्रता का प्रतीक है। यह वैश्विक प्रगति के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर कहा कि यह मित्रता का एक खास तोहफा है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान को भारत और नॉर्वे के ऐतिहासिक संबंधों को समर्पित किया तथा इसे दोनों देशों की जनता के बीच स्नेह और सद्भावना का प्रतीक बताया।
इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी को स्वीडन के प्रतिष्ठित ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार, डिग्री कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ से सम्मानित किया गया था।
------------

