झज्जर, 29 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी का स्थापना दिवस मंगलवार को बहादुरगढ़ में पुराने दिल्ली-रोहतक रोड स्थित इनेलो कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को पार्टी के चश्मे के निशान वाले झंडे भी वितरित किए गए, ताकि वे अपने घरों, दुकानों व कार्यालयों पर लगाकर पार्टी का प्रचार-प्रसार कर सकें।
कार्यकर्ताओं ने पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया। इससे पूर्व पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शीला नफे सिंह राठी ने कहा कि ताऊ देवीलाल द्वारा 29 अप्रैल 1998 को इनेलो की स्थापना की गई थी, जिसका उद्देश्य जनता व किसान समेत सभी वर्गों के हितों में कार्य करना और उनके हकों की आवाज को पुरजोर तरीके से उठाना है। उन्होंने कहा कि इनेलो का प्रत्येक कार्यकर्ता मजबूती के साथ पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करे, ताकि पार्टी का ग्राफ तेजी के साथ बढ़ सके। आज भी इनेलो का कार्यकर्ता विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं से मजबूत है।
आने वाले समय में इनेलो एक बार फिर से सत्ता में आएगी और प्रदेश का विकास करवाएगी। इनेलो के समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्ता ताऊ देवीलाल की जनहितैषी नीतियों का अनुसरण करते हुए लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में लोग मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे हैं, कानून व्यवस्था का बुरा हाल है, लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, लेकिन आने वाले समय में जनता ऐसे जनविरोधी नेताओं को सत्ता से बाहर करेगी।
उन्होंने कहा कि स्व. नफे सिंह राठी की हत्या को लगभग सवा साल बीत चुका है, लेकिन उनके हत्यारे व साजिशकर्ता आज भी खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन माननीय न्यायालय व कानून व्यवस्था पर पूर्ण विश्वास है कि उन्हें शीघ्र न्याय मिलेगा। शीला नफे सिंह राठी ने कहा कि भविष्य में इनेलो एक बार फिर से बहादुरगढ़ समेत पूरे हरियाणा में पुरजोर तरीके से प्रचार-प्रसार करेगी और आम जनता की आवाज को उठाने का काम करेगी।
इसके लिए पार्टी ने रणनीति तैयार कर ली है। कपूर सिंह राठी, युवा इनेलो प्रदेश प्रधान महासचिव जितेन्द्र नफे सिंह राठी, राम निवास सैनी, अशोक परनाला, महेंद्र दलाल आसोदा, ईश्वर छिल्लर, साहब सिंह दलाल, पार्षद रमन यादव, पार्षद बिजेंद्र दलाल, प्रदीप सिन्हा, प्रेम बंसल, भूपेंद्र नफे सिंह राठी आदि ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और पार्टी की नीतियों का प्रचार करने का आह्वान किया। शीला नफे सिंह राठी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इनेलो का प्रत्येक कार्यकर्ता झंडा अभियान के तहत अपने-अपने निवास व कार्यालय पर पार्टी का झंडा लगाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज



