झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद मासूम की मौत, तीन बच्चों की हालत गंभीर

बाराबंकी, 28 जून (हि.स.। जिले के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में एक निजी चिकित्सक के यहां इलाज के दौरान डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। वहीं, तीन अन्य बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।

जानकारी के अनुसार, लोहिया वार्ड निवासी कल्लू के चार बच्चे—डेढ़ वर्षीय हसनैन, मारिया, आठ वर्षीय तमन्ना और साजिद है। पिछले एक सप्ताह से शरीर पर दाने निकलने की समस्या से सभी बच्चे पीड़ित थे। परिजन उन्हें उपचार के लिए ठाकुरद्वारा वार्ड स्थित एक निजी चिकित्सक डॉ. जगमोहन गुप्ता के क्लीनिक पर ले गए।

परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक ने बच्चों को इंजेक्शन लगाया। कुछ ही देर बाद हसनैन की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मारिया, तमन्ना और साजिद की भी हालत अचानक खराब हो गई।

तीनों बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया गया।

मासूम की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हैदरगढ़ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग भी पूरे प्रकरण की जांच कर रहा है।

थाना प्रभारी अनिल पांडे का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

--------------

   

सम्बंधित खबर