बलरामपुर : 21 जून को मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से जुड़ने की अपील
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
बलरामपुर, 17 जून (हि.स.)। जिला प्रशासन ने 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है। इस वर्ष योग दिवस की थीम योगा फॉर हेल्दी एजिंग निर्धारित की गई है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिलेभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। जिले के ग्रामीण एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों, शासकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, छात्रावासों, सार्वजनिक उपक्रमों, निजी उद्योगों तथा विभिन्न संस्थानों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। योग दिवस के अवसर पर जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक महत्व के स्थलों, प्रमुख पर्यटन स्थलों, अमृत सरोवरों तथा पार्कों में भी सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आज बुधवार को अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संस्थाओं एवं व्यक्तिगत रूप से योग करने वाले नागरिकों से आयुष विभाग के पोर्टल पर पंजीयन करने तथा योगाभ्यास से संबंधित छायाचित्र अपलोड करने की अपील की है।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशभर में अधिकतम सहभागिता के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए प्रतिभागी आयुष मंत्रालय के टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल देकर भी अपना पंजीयन करा सकते हैं और इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से योग दिवस कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, निरोग एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया है।
---------------

