आईपीएल 2026 : गुजरात टाइटंस की लगातार पांचवीं जीत, हैदराबाद को 82 रन से हराया

अहमदाबाद, 12 मई (हि.स.)। गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। इस जीत के साथ गुजरात के 16 अंक हो गए हैं।

टॉस जीतकर हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि गुजरात की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। कप्तान शुभमन गिल और स्टार बल्लेबाज जोस बटलर पावरप्ले के भीतर ही पवेलियन लौट गए। शुरुआती छह ओवर में टीम केवल 34 रन ही बना सकी।

कठिन परिस्थितियों में साई सुदर्शन ने एक छोर संभाले रखा और संयमित बल्लेबाजी करते हुए टीम को संभाला। धीमी पिच और कसी हुई गेंदबाजी के बावजूद उन्होंने शानदार अर्धशतक जमाया। सुदर्शन ने 44 गेंदों में 61 रन बनाए और इस सीजन में लगातार तीसरा तथा कुल पांचवां अर्धशतक पूरा किया। इसी के साथ वह आईपीएल 2026 में 500 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए। अब वह ऑरेंज कैप की दौड़ में भी शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

उनके अलावा वाशिंगटन सुंदर ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों पर 50 रन बनाए। गुजरात ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए। हैदराबाद की ओर से प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने 2-2 विकेट लिए, जबकि पैट कमिंस को एक सफलता मिली।

169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 14.5 ओवर में सिर्फ 86 रन पर सिमट गई। कप्तान पैट कमिंस ने सबसे ज्यादा 19 रन बनाए।

गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा को दो सफलताएं मिलीं।

इस बड़ी जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं, जबकि हैदराबाद की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

-----------------------

   

सम्बंधित खबर