आईडब्ल्यूटीसी को मिला आंध्र प्रदेश पर्यटन का साथ: पर्यटन संभावनाओं को मिलेगा नया आयाम
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
जयपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। इंटरनेशनल वेडिंग एंड टूरिज्म कॉन्क्लेव (आईडब्ल्यूटीसी) सीजन-3 का आधिकारिक भागीदार आंध्र प्रदेश पर्यटन बन गया है। आयोजकों का कहना है कि इससे देश के विभिन्न राज्यों के पर्यटन, संस्कृति और वेडिंग डेस्टिनेशन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के प्रयासों को नई मजबूती मिलेगी।
आईडब्ल्यूटीसी के निदेशक अरशद हुसैन ने बताया कि 19 और 20 जुलाई को जयपुर में आयोजित होने वाले कॉन्क्लेव में देश-विदेश से वेडिंग, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी उद्योग के 600 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री कुंडला दुर्गेश के साथ इवेंट उद्योग से जुड़े पार्थिप त्यागराजन और ऋतुराज खन्ना भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश पर्यटन की सहभागिता से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक स्थलों, समुद्री तटों, हिल डेस्टिनेशन और वेडिंग डेस्टिनेशन का व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। इससे राज्य की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ पर्यटन और इवेंट उद्योग के बीच सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
अरशद हुसैन ने कहा कि आईडब्ल्यूटीसी केवल नेटवर्किंग का मंच नहीं, बल्कि पर्यटन और वेडिंग उद्योग के लिए नए अवसर सृजित करने का प्रभावी माध्यम भी है।
---------------

