खेत में उगा रखे थे गांजे के पौधे, 91.8 किलो गांजा जब्त, एक गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़, 29 जून (हि.स.)। जिले की भादसोड़ा थाना पुलिस ने चाकूडा गांव में एक खेत से गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 145 हरे और 88 सूखे गांजे के पौधे सहित कुल 91 किलो 800 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में खेत मालिक महिपालसिंह को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्रसिंह ने बताया कि भादसोड़ा थानाधिकारी महेन्द्र सिंह को शनिवार रात को मुखबिर से सूचना मिली कि महिपालसिंह निवासी चाकूडा के खेत में अवैध मादक पदार्थ है। इस मादक पदार्थ के खुर्द-बुर्द होने की आशंका है। सूचना विश्वसनीय होने व वारण्ट लेने में समय लगने पर धारा 42(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया। भादसोड़ा थानाधिकारी महेन्द्रसिंह, एएसआई जीवनसिंह हेड कांस्टेबल बालूराम, कांस्टेबल बबलू, प्रकाश, शान्तिलाल, चालक रतनलाल की टीम के साथ महिपाल सिंह के खेत पहुंचे। खेत में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम महिपाल सिंह पुत्र नारायण सिंह राजपूत बताया। पुलिस ने तलाशी ली। धारा 50 एनडीपीएस एक्ट के तहत नोटिस दिया।

पुलिस टीम के खेत में घूमने पर 145 हरे पत्तेदार व 88 सूखे गांजे के पौधे मिले। साथ ही एक प्लास्टिक के टब में सूखा गांजा भी मिला। पटवारी कृष्णपाल सिंह ने मौके पर खेत का 1/4 हिस्सा महिपाल के कब्जे में होना बताया। पुलिस ने 233 गांजे के पौधों को उखाड़ कर 4 बोरों में भरा, जिसका कुल वजन 91 किलो 800 ग्राम हुआ। पुलिस ने बताया कि हरे होने से वजन ज्यादा है, सूखने पर कम होगा। टब में मिले गांजे का वजन 530 ग्राम था। भादसोड़ा थाने पर महिपाल सिंह के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का अपराध प्रमाणित होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

---------------

   

सम्बंधित खबर