बच्चाें ने स्व. चंद्र लाल साह स्मृति के एकल होली गायन में बिखेरा रंग

नैनीताल, 10 मार्च (हि.स.)। श्री राम सेवक सभा में सोमवार को स्व. चंद्र लाल साह की स्मृति में एकल होली गायन का आयोजन किया गया, जिसमें 25 से अधिक होल्यारों ने प्रस्तुतियों से होली के रंग बिखेरे। कार्यक्रम में मल्लिका कला केंद्र के 17 विद्यार्थियों ने प्रस्तुति देकर आयोजन को और अधिक उल्लासमय बना दिया। वहीं शर्मिष्ठा बिष्ट एवं आनंद बिष्ट ने अपने सुमधुर होली गायन से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम में नरेश चम्याल, दीपा चौधरी, रक्षित साह, संगीता बिष्ट, रुद्राक्ष वर्मा, जतिन कुमार, सरिता त्रिपाठी, वंदना पांडे, सुशील पांडे, संजय कुमार, आदित्य कुमार, वीरेंद्र, भूमि बदलाकोटी, परी साह, ऋषभ रैकवाल, रिया, अनुष्का, ऋचा सनवाल, पूजा, मोनिका, अवर्णिक जोशी, निर्मल जोशी, भूमिका गोस्वामी और कैलाश जोशी सहित कई प्रतिभागियों ने होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं जबकि राहुल जोशी, नीरज सती, गिरीश भट्ट, नरेश चम्याल और कैलाश जोशी ने तबला, हारमोनियम और लौटे की संगत से होली गायन को और भी शानदार बना दिया।

इस दौरान होल्यारों ने मिथिला में खेले होली, मारो रे मारो पिचकारी, धावा बोले हैं गिरधारी, चंद्र वेदनी खोलो द्वार, सखी मेरे दोनों हाथ रंग से भरे हैं, भीगे मोरी चुनरिया, अखियन पड़त गुलाल, बिरज में आज होरी खेलें कान्हा, मारो नंदलाल मारो पिचकारी और मृगनयनी के पार, नैनों में डाले गुलाल जैसे लोकप्रिय होली गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर वातावरण को पूरी तरह होलीमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी होल्यारों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। संचालन मुकेश जोशी व प्रो. ललित तिवारी ने किया। आयोजकों ने बताया कि मंगलवार दोपहर 2 बजे स्कूली बच्चों की होली प्रस्तुति आयोजित की जाएगी, जिसमें बच्चों की होली गायन एवं नृत्य प्रस्तुतियां होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

   

सम्बंधित खबर